Tuesday, March 26, 2019

चेन्नई से मैच आज, घरेलू मैदान पर दिल्ली 43% मुकाबलों में ही कामयाब रही

खेल डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 12वें संस्करण का पांचवां मुकाबला सोमवार को फिरोजशाह कोटला स्टेडियम पर दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमें टूर्नामेंट में अपने पहले मैच जीत चुकी हैं। दिल्ली ने मुंबई और चेन्नई ने बेंगलुरु को हराकर 2-2 अंक हासिल किए हैं। हालांकि, नेट रनरेट के आधार पर दिल्ली अंकतालिका में पहले और चेन्नई दूसरे नंबर पर है। दिल्ली का नेट रनरेट +1.850 और चेन्नई का +0.519 है।

इस मैदान पर दिल्ली ने आईपीएल के अब तक 67 मैच खेले हैं। इनमें से वह 29 को जीतने में सफल रही है, जबकि 36 में उसे हार का सामना करना पड़ा है। एक मुकाबला बेनतीजा रहा, जबकि एक मैच रद्द कर दिया गया था। चेन्नई ने इस मैदान पर अब तक 8 मैच खेले हैं। इनमें से वह 5 को जीतने में सफल रही, जबकि 3 में उसे हार का सामना करना पड़ा है।

दिल्ली के खिलाफ चेन्नई का सक्सेस रेट 34% ज्यादा
आईपीएल में महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई वाली चेन्नई सुपरकिंग्स और श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स के बीच अब तक 18 बार भिड़ंत हो चुकी है। इनमें से चेन्नई 12 और दिल्ली की टीम 6 मैच जीतने में सफल रही है। दोनों के बीच हुए पिछले 5 मुकाबलों में चेन्नई ने 3 और दिल्ली ने 2 जीते हैं।

कोटला पर भी दिल्ली का पलड़ा भारी

कोटला पर दिल्ली और चेन्नई के बीच कुल 6 मैच खेले गए हैं। इनमें से दिल्ली को 4, जबकि चेन्नई को 2 मैच में जीत हासिल हुई है। कोटला पर दिल्ली का हाइएस्ट स्कोर 187 और चेन्नई का 190 रन है। चेन्नई का इस मैदान पर न्यूनतम स्कोर 110/8 है, जो उसने 10 अप्रैल 2012 को बनाया था।

5 साल पहले 100 के भीतर सिमट गई थी दिल्ली

इस मैदान पर दिल्ली का न्यूनतम स्कोर 83/10 है, जो उसने 18 अप्रैल 2013 को चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ बनाया था। वह मुकाबला चेन्नई ने 6 विकेट से जीता था। उस मैच में चेन्नई के मोहित शर्मा ने 3 ओवर में 10 रन देकर 3 विकेट लिए थे। वहीं, चेन्नई के माइक हसी ने 50 गेंद पर 6 चौके और 2 छक्के की मदद से 65 रन की पारी खेली थी।

आखिरी भिड़ंत ने दिल्ली ने बाजी मारी थी

दोनों के बीच आखिरी मैच पिछले साल 18 मई को दिल्ली के घरेलू मैदान पर हुआ था। उस मैच में दिल्ली ने चेन्नई को 34 रन से हरा दिया था। उस मैच में धोनी ने टॉस जीतकर फील्डिंग चुनी थी। दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 162 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई 20 ओवर में 6 विकेट पर 128 रन ही बना पाई थी।

कोटला पर पिछले 5 मैच में दिल्ली का सक्सेस रेट 60%

फिरोजशाह कोटला पर हुए पिछले 5 मुकाबलों में से दिल्ली की टीम 3 में जीत हासिल करने में सफल रही है। दिल्ली ने कोटला पर अपना आखिरी मैच पिछले साल 20 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेला था। तब वह मुंबई को 11 रन से हराने में सफल रही थी। उस मैच में दिल्ली के अमित मिश्रा ने 19 रन देकर 3 विकेट लिए थे।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं :
चेन्नई सुपरकिंग्स : महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), सुरेश रैना, अंबाती रायडू, शेन वाटसन, फाफ डुप्लेसिस, मुरली विजय, केदार जाधव, सैम बिलिंग्स, रविंद्र जडेजा, ध्रुव  शोरे, चैतन्य बिश्नोई, रितुराज गायकवाड़, ड्वेन ब्रावो, कर्ण शर्मा, इमरान ताहिर, हरभजन सिंह, मिशेल सैंटनर, शार्दुल ठाकुर, मोहित शर्मा, केएम आसिफ, डेविड विले, दीपक चाहर, एन. जगदीशन।

दिल्ली कैपिटल्स : श्रेयस अय्यर (कप्ताान), आवेश खान, ट्रेंट बोल्ट, शिखर धवन, बंडारू अयप्पा, अंकुश बैंस, संदीप लमिछने, मनजोत कालरा, अमित मिश्रा, क्रिस मोरिस, कॉलिन इनग्राम, कॉलिन मुनरो, ऋषभ पंत, अक्षर पटेल, हर्षल पटेल, कीमो पॉल, कगिसो रबादा, जलज सक्सेना, शेरफेन रूदरफोर्ड, ईशांत शर्मा, पृथ्वी शॉ, राहुल तेवतिया, हनुमा विहारी, नाथू सिंह।

Wednesday, March 20, 2019

नीरव मोदी ने PNB को कर दिया था कंगाल, जानें- गुनाहों की लिस्ट

पंजाब नेशनल बैंक के साथ धोखाधड़ी के आरोपी हीरा कारोबारी नीरव मोदी को गिरफ्तार कर लिया गया है. नीरव मोदी की ये गिरफ्तारी लंदन में हुई है. दरअसल, सोमवार को ही लंदन की वेस्टमिंस्टर कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया था, जिसके बाद से ही लंदन पुलिस नीरव मोदी को गिरफ्तार करने में जुट गई थी. नीरव मोदी के गुनाहों की लिस्ट लंबी है.

नीरव मोदी बैंकों को 13 हजार करोड़ रुपये का चूना लगाकर पिछले करीब 15 महीने से फरार है. नीरव मोदी की साजिश की वजह से पीएनबी बैंक की आर्थिक रफ्तार रुक गई थी. शेयर लुढ़क कर जमीन पर पहुंच गया था. मामले का खुलासे होते ही हड़कंप मच गया था. इस बीच नीरव मोदी देश छोड़कर फरार हो गया. लेकिन तभी से भारत सरकार नीरव मोदी स्वदेश लाने की कोशिश में जुट गई थी और अब जाकर नीरव मोदी की लंदन में गिरफ्तारी हुई है. हालांकि गिरफ्तारी के बाद नीरव मोदी के पास अब कोर्ट से सशर्त जमानत का विकल्प है.

नीरव मोदी पर क्या-क्या आरोप

- नीरव मोदी ने घोटाले को अंजाम देने के लिए बैंक के कुछ कर्मचारियों को मिला लिया था. सीबीआई जांच में खुलासा हुआ है कि पैसों के लालच में पीएनबी के कुछ भ्रष्ट अफसर बिक गए थे.

- नीरव मोदी के झांसे में आकर बैंक कर्मचारी अपने कंप्यूटर तक नीरव मोदी के कर्मचारियों को सौंप देते थे और इससे नीरव मोदी के कर्मचारी खुद ही लॉग-इन करते थे. इस घोटाले में पीएनबी के डिजिटल सिस्टम से छेड़छाड़ का पहले से ही अंदेशा था.

- साल 2011 में नीरव मोदी और उनके साथियों ने बिना तराशे हुए हीरे आयात करने को लाइन ऑफ क्रेडिट के लिए पंजाब नेशनल बैंक की एक ब्रांच से संपर्क साधा था. दरअसल आमतौर पर बैंक विदेश से आयात को लेकर होने वाले भुगतान के लिए लेटर ऑफ अंडरटेकिंग (LoU) जारी करता है. इसका ये मतलब है कि बैंक नीरव मोदी के विदेश में मौजूद सप्लायर को 90 दिन तक के लिए भुगतान करने के लिए राजी हो गया था और बाद में पैसा नीरव मोदी को चुकाना था.

- नीरव मोदी और उसके मामा मेहुल चोकसी ने साल 2011 से जितने भी LoU लिए, उनसे हासिल कर्ज को चुकाने के लिए फिर अगले वर्षों में नए LoU लिए और उनके माध्यम से कर्ज हासिल कर लिए. इस तरह एक LoU से कर्ज लेने और फिर इस कर्ज को चुकाने के लिए नए एलओयू हासिल करने के लिए पर्दे के पीछे पूरा गोरखधंधा चल रहा था. और यह सबकुछ 7 साल तक जारी रहा.

- इस घोटाले से तब पर्दा हटा जब पंजाब नेशनल बैंक के भ्रष्ट कर्मचारी-अधिकारी रिटायर हो गए और फिर नीरव मोदी की कंपनी ने नए अफसरों से फिर पुरानी सुविधा शुरू करने के लिए संपर्क किया.

- नीरव मोदी की ओर से साजिश रचने वाले लोगों ने बेखौफ होकर स्विफ्ट या सोसाइटी फ़ॉर वर्ल्डवाइड इंटरबैंक फाइनेंशियल टेलीकम्यूनिकेशन का नाजायज फायदा उठाने का फैसला कर लिया. ये इंटर-बैंकिंग मैसेजिंग सिस्टम है जो विदेशी बैंक पैसा जारी करने से पहले लोन ब्योरा पता लगाने के लिए इस्तेमाल करते हैं.

- नीरव मोदी पर कनाडा के एक शख्स ने भी ठगी का आरोप लगाया है. आरोप है कि दोस्ती की आड़ में नीरव मोदी ने अल्फोंस के नाम के शख्स को हीरे की 2 नकली अंगूठियां बेची थीं. नीरव ने अल्फोंस को नकली अंगूठी देकर 1 करोड़ 48 लाख रुपये का चूना लगा दिया था. नकली रिंग की वजह से उसकी सगाई टूट गई थी और वह डिप्रेशन में चला गया था.

गौरतलब है कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और सीबीआई पीएनबी स्कैम मामले की जांच में जुटी हैं. ईडी ने अभी तक मेहुल चोकसी और नीरव मोदी की करीब 4765 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति को जब्त कर लिया है. मामले का उजागार होते ही दोनों आरोपी देश से फरार हैं.

Friday, March 8, 2019

भारतीय वायुसेना का पाक पर तंज- उसके पाले में जाकर हमने कहा

नई दिल्ली. भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान में की गई एयर स्ट्राइक पर हिंदी कविता शेयर की। इस कविता के जरिए वायुसेना ने पाकिस्तान पर तंज कसा। कविता में लिखा- आज किसी ने सरहदें पार की, क्योंकि किसी ने सारी हदें पार की, आज उसके पाले में जा के कहा हमने, हू तू तू। कविता को 'हद सरहद की' शीर्षक दिया गया है, इसे विपिन 'इलाहाबादी' ने लिखा है।

26 फरवरी को की थी एयर स्ट्राइक, 350 आतंकियों को मारने का दावा

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में 14 फरवरी को सीआरपीएफ जवानों के काफिले पर आतंकियों ने फिदायीन हमला किया था। इस हमले में 40 जवान शहीद हुए थे। इस हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी। इसके जवाब में भारत ने 26 फरवरी को पाक पर मिराज- 2000 फाइटर जेट से एयर स्ट्राइक करते हुए 350 से ज्यादा आतंकियों को मार गिराया था। भारतीय वायुसेना ने बालाकोट में स्थिति जैश के ट्रेनिंग कैंप तबाह कर दिए थे।

पाक में चल रहे 22 आतंकी ट्रेनिंग कैंप
पाकिस्तान के अंदर 22 आतंकी ट्रेनिंग कैंप चल रहे हैं। इनमें अकेले 9 जैश-ए-मोहम्मद चला रहा है। यह दावा एक सीनियर भारतीय अधिकारी ने वॉशिंगटन से किया है। उन्होंने भारत सरकार को चेतावनी भी दी है कि सीमा के पार आंतकी एक बड़े हमले की तैयारी कर रहे हैं। उनके खिलाफ वैश्विक तौर पर बड़ा कदम उठाना होगा।

पाक ने हाफिज के खिलाफ उठाया एक और कड़ा कदम
मु्ंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड औकर जमात उद-दाला (जेयूडी) के सरगना हाफिज सईद पर लाहौर के जामिया मस्जिद कदसिया में जुमे की तकरीर देने पर रोक लगा दी गई है। यह कदम आतंकवादी संगठनों के खिलाफ पाकिस्तान सरकार की कार्रवाई का हिस्सा है। इससे पहले पाक सरकार ने उसके मदरसों को अपने नियंत्रण में ले लिया था। इसके अलावा गुरुवार को 182 मदरसों को सील कर दिया और प्रतिबंधित संगठनों के 121 लोगों को ऐहतियातन हिरासत में ले लिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अपने संसदीय क्षेत्र काशी को कई योजनाओं की सौगात देते हुए अपने ड्रीम प्रोजेक्ट काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की नींव रखी. इस मौके पर प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्षों से बाबा विश्वनाथ बंधे हुए थे, सांस भी नहीं ले पा रहे थे, लेकिन आज इस काम से उन्हें मुक्ति मिलेगी. उन्होंने कहा कि जब मैं राजनीति में नहीं था, तब भी सोचता था कि यहां कुछ करना चाहिए. लेकिन यह मेरे नसीब में ही लिखा था कि मेरे हाथ से ये काम हुआ. करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र काशी विश्वनाथ को मुक्त करने के पीएम के इस बयान पर काशी के विद्वत जनों में रोष है.

काशी को क्योटो बनाने के क्रम में काशी विश्वनाथ मंदिर के विस्तारीकरण के लिए ललिता घाट से विश्वनाथ मंदिर तक दो सौ से अधिक भवनों को अधिग्रहित कर तोड़ा गया. इनमें लगभग 50 की संख्या में प्राचीन मंदिर व मठ शामिल हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उन्होंने 40 से अधिक प्राचीन मंदिर जिस पर लोगों का अतिक्रमण था उसे भी मुक्त कराया है. संकटमोचन मंदिर के महंत विशंभरनाथ मिश्र से बातचीत में कहा, 'भगवान शंकर सबको मुक्त करने वाले हैं ऐसे में कोई उन्हें मुक्त करने की बात करे ये अनुचित है. इससे मैं बेहद आहत हूं. बनारस की जीती जागती संस्कृति को ढहा कर उस पर विकास की इमारत खड़ी की जा रही है. यह लाखों लोगों की आस्था से खिलवाड़ है.'

काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की जद में आने वाले इन प्राचीन मंदिरों, देव विग्रहों की रक्षा के लिए आंदोलन करने वाले शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद के शिष्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा, 'काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के निर्माण के लिए जितने मंदिर तोड़े गए उतने औरंगजेब ने भी नहीं तोड़े. अगर प्रधानमंत्री का अर्थ है कि मैनें इन्हें मुक्त कराया तो सही ही है क्योंकि उन्होंने इन देव विग्रहों को उनके प्राण से मुक्त करा दिया. प्रधानमंत्री बताएं किसके कब्जे से मुक्त कराया? काशी में जो हुआ है वो अकल्प्य है. जिन देवी देवताओं के दर्शन के लिए लोग पूरे भारत से आते हैं वे उन्हें ना पाकर कैसा महसूस करेंगे.'