Wednesday, February 27, 2019

भारत ने एलओसी पर पाक का एफ-16 विमान मार गिराया; चंडीगढ़

श्रीनगर. पाकिस्तान के बालाकोट में वायुसेना के हवाई हमले से बौखलाए पाकिस्तान ने बुधवार सुबह भारत के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन कर दिया। उसके तीन विमान पुंछ और राजौरी में घुस आए। लौटते वक्त कुछ बम भी गिराए। हालांकि, भारत की त्वरित कार्रवाई में पाकिस्तान का एफ-16 लड़ाकू विमान गिरा दिया गया। विमान पर हमले के बाद पैराशूट से एक पायलट उतरता भी दिखा। उसकी स्थिति के बारे में अभी पता नहीं चल पाया है। इस बीच, चंडीगढ़, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के सभी एयरपोर्ट से यात्री विमानों की आवाजाही रोक दी गई है। भारत के सभी एयरबेस को हाईअलर्ट पर रखा गया है। इस बीच, बड़गाम में भारतीय वायुसेना का एमआई-17 हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। इसमें दो पायलट शहीद हो गए।

वहीं, कश्मीर में एलओसी पर 12 जगह फायरिंग हो रही है। इसके जवाब में देर रात भारतीय सेना ने पाक की पांच चौकियां तबाह कर दीं। उसके कई सैनिक मारे गए। भारत के पांच सैनिक जख्मी हुए। इस बीच जम्मू-कश्मीर के बड़गाम में भारतीय वायुसेना का जेट क्रैश हुआ है। मौजूदा हालात को देखते हुए अमेरिक ने पाकिस्तान से उसकी जमीन पर मौजूद आतंकियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने को कहा है। पुलवामा हमले के जवाब में भारतीय वायुसेना ने मंगलवार तड़के पाकिस्तान के बालाकोट में हवाई हमला कर जैश के कई ठिकानों को तबाह कर दिया था। इसमें 350 आतंकी मारे गए थे।

पाक विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर दावा किया है कि उसने भारतीय वायुसेना के दो विमानों को मार गिराया है। इनमें से एक पीओके में और दूसरा कश्मीर में गिरा। उसका यह भी दावा है कि पीओके में गिरे विमान के एक पायलट को उसने गिरफ्तार किया है।

पाक सेना ने गांव वालों को ढाल बनाया
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, पाकिस्तानी सेना ने बारामूला, पुंछ, राजौरी, नौशेरा और अखनूर सेक्टर में मोर्टार दागे। पाक सैनिक गांववालों को ढाल बनाकर फायरिंग कर रहे हैं। मौजूदा हालात को देखते हुए एलओसी से सटे गांवों में बुधवार को स्कूलों की छुट्टी कर दी गई। भारतीय वायुसेना के विमान कश्मीर में सीमा पर रातभर से चौकसी बरत रहे हैं।

इमरान ने आपात बैठक बुलाई

भारतीय कार्रवाई से घबराए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने आज परमाणु हथियारों की देखरेख करने वाली नेशनल कमांड अथॉरिटी की बैठक बुलाई है। उन्होंने संसद के दोनों सदनों का विशेष सत्र भी बुलाया है।

रक्षा मंत्री सीतारमण तीनों सेना प्रमुखों के साथ बैठक करेंगी

रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण, सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत, वायुसेना प्रमुख बीएस धनोआ और नौसेना प्रमुख एडमिरल सुनील लांबा के साथ आज बैठक करेंगी। इसमें सशस्त्र बलों के कुछ महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी जानी है।

शोपियां में मुठभेड़, जैश के 2 आतंकी ढेर

इस बीच कश्मीर में शोपियां जिले के मिमेंदर में सुरक्षाबलों ने जैश के दो आतंकियों को ढेर कर दिया। यहां आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने बुधवार तड़के सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। उधर, कोलकाता एसटीएफ और मुर्शिदाबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में जमात-उद-मुजाहिदीन के दो आतंकियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से विस्फोट बरामद किया गया है।

अमेरिका ने पाक पर दबाव बनाया

भारतीय वायुसेना की कार्रवाई को लेकर अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोंपियो ने बयान जारी किया है। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने पाक विदेश मंत्री शाह मेहमूद कुरैशी से बात की है। उनसे कहा है कि सैन्य कार्रवाई से बचने और मौजूदा तनाव को कम करने को प्राथमिकता दी जाए। पाक उसकी जमीन पर मौजूद आतंकी गुटों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करे।’’ पोंपियो ने भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से भी बात की। उन्होंने मौजूदा हालात पर भारत को संयम बरतने को कहा है।

चीन के सामने पुलवामा हमले का मुद्दा उठाया
भारत-चीन और रूस के विदेश मंत्रियों की सोलहवीं बैठक चीन के वुझेन में चल रही है। इसमें सुषमा स्वराज ने चीन के समकक्ष वांग यी के सामने पुलवामा हमले का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि ऐसे कायराना आतंकी हमले सभी देशों को आगाह करने वाले हैं। इसके खिलाफ जीरो टॉलरेंस दिखाने और निर्णायक कार्रवाई करने की जरूरत है।

भारत ने जैश का सबसे बड़ा कैम्प तबाह किया

पुलवामा हमले के 13वें दिन भारतीय वायुसेना ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के खिलाफ कार्रवाई की। मंगलवार तड़के 3:45 बजे मिराज-2000 लड़ाकू विमानों ने पाक की सीमा में हमला किया। 12 मिराज विमानों ने कुल 1000 किलो भार वाले लेजर गाइडेड छह बम गिराए। जैश का सबसे बड़ा कैम्प तबाह कर दिया गया। 350 आतंकी मारे गए। इनमें 25 ट्रेनर थे। भारत ने पूरी कार्रवाई को सिर्फ 21 मिनट में अंजाम दिया। हमले वाली जगह एलओसी से करीब 50 किलोमीटर दूर है। 14 फरवरी को पुलवामा फिदायीन हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हुए थे। जैश-ए-मोहम्मद ने इसकी जिम्मेदारी ली थी।

Thursday, February 21, 2019

राशिद गाजी के खात्मे के बाद अबू बकर बना जैश कमांडर, उससे भी ज्यादा खूंखार

पाक परस्त आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने पुलवामा हमले के मास्टरमाइंड कामरान और राशिद गाज़ी के मारे जाने के बाद IED एक्सपर्ट अबू बकर को अपना नया कमांडर बनाया है. जानकारी के मुताबिक अबू बकर को अफ़ग़ान लड़ाकों के साथ ट्रेनिंग दी गई है.

सूत्रों के मुताबिक पिछले साल जुलाई के महीने में अबू बकर ने पाक अधिकृत कश्मीर के जरिए घुसपैठ की थी. ख़ुफ़िया सूत्रों ने जानकारी दी है कि पाक अधिकृत कश्मीर के बोई (BOI), मदारपुर (Madarpur), फगोश (Fagosh) और देवलियां (Deolian) के ट्रेनिंग कैम्पस् में जैश-ए-मोहम्मद के 2 दर्जन फ़िदायीन आतंकियों को ख़ास ट्रेनिंग दी जा रही है.

जानकारी के मुताबिक पाकिस्तानी सेना भारत में बड़े स्तर पर घुसपैठ कराने की फ़िराक में है. यही वजह है कि पाकिस्तान आर्मी पिछले 2 दिनों में कई बार सीज़फायर का उल्लंघन कर चुकी है. इससे पता चलता है कि जैश का सरगना आतंकी मौलाना मसूद अजहर पुलवामा हमले के बाद भी शांत नहीं बैठा है.

वो ऐसे फिदायीन तैयार कर रहा है, जो भारत में घुसकर फिर से आतंकी हमले को अंजाम दे सकें. खुफिया एजेंसियों के सूत्रों ने आजतक को जानकारी दी है, कि जम्मू कश्मीर में अब भी अलग-अलग संगठनों के 298 आतंकवादी मौजूद हैं.

सूत्रों की जानकारी के अनुसार कश्मीर घाटी में इस समय सबसे ज्यादा लश्कर के 80 पाकिस्तानी आतंकी और 55 स्थानीय आतंकी मौजूद हैं. इसके अलावा जैश-ए-मोहम्मद के 22 पाकिस्तानी आतंकी और 19 स्थानीय आतंकी कश्मीर में आज भी सक्रिय हैं.

सूत्रों ने यह दावा किया है कि इस समय पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई हिज्बुल मुजाहिदीन के विदेशी और स्थानीय आतंकवादियों पर ऑपरेशन के लिए भरोसा नहीं कर रही है. हालांकि हिज्बुल के स्थानीय आतंकियों की संख्या कश्मीर में 102 है जो सबसे ज्यादा है. भारतीय सुरक्षा एजेंसियां लगातार इस बात पर माथापच्ची कर रही हैं कि इन आतंकवादियों का खात्मा कैसे किया जाए.

आजतक को मिली एक्सक्लूसिव जानकारी के मुताबिक पुलवामा हमले के नौ दिन पहले मसूद अजहर ने पूरी सरकारी सुरक्षा में पेशावर जाकर अपनी साजिशों को पूरा करने के संकेत दिए थे. फिर भी पाकिस्तान अब इस घटना में उनके शामिल होने के सबूत मांग रहा है.