प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज हजारों करोड़ रुपये की सौगात लेकर अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंच रहे हैं. यहां प्रधानमंत्री वाराणसी-बाबतपुर राजमार्ग, वाराणसी रिंग रोड फेज़ 1, काशी में मल्टी मॉडल टर्मिनल समेत कुल 2413 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात देंगे. प्रधानमंत्री अब से कुछ देर में काशी पहुंचेंगे, जिसके बाद यहां पर वह जनसभा को संबोधित करेंगे. इसके अलावा पीएम मोदी रोड शो भी कर सकते हैं.
काशी को मिलेंगी कई सौगातें...
प्रधानमंत्री आज मल्टी मॉडल टर्मिनल का उद्घाटन भी करेंगे. आजाद भारत में ऐसा पहली बार हुआ है कि जब नदियों के जरिए व्यवसायिक आवागमन हो रहा है. प्रधानमंत्री यहां कोलकाता से चले कंटेनर को रिसीव भी करेंगे. इसके अलावा कुल 10 परियोजनाओं का लोकार्पण और 7 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे.
प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रीय 812.59 करोड़ की लागत से बनने वाले राजमार्ग-56 के बाबतपुर से वाराणसी तक चार लेन चौड़ीकरण के कार्य, वाराणसी रिंग रोड फेज-1 (759.36 करोड़), आईडब्ल्यूटी मल्टी मॉडल टर्मिनल का निर्माण (208 करोड़) , सीवरेज ट्रीटमेन्ट प्लांट (186.48 करोड़) समेत विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे.
कड़ी की गई सुरक्षा
प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए 15 आईपीएस, 20 एएसपी, 42 डिप्टी एसपी,16 इंस्पेक्टर, 521 सब इंस्पेक्टर, 610 हेडकांस्टेबल, 2225 सिपाही, 250 होमगार्ड्स, 48 महिला एसआई, 180 महिला सिपाही, समेत छह कंपनी पीएससी, सात कंपनी सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती की गई है.
इन योजनाओं का होगा शिलान्यास
इसके अलावा मोदी 'इंटरसेप्शन डाइवर्जन ऑफ ड्रेन एंड ट्रीटमेंट वर्क एट रामनगर-वाराणसी', किला कटरिया मार्ग पर आईआरक्यूपी का कार्य, पूर्व राष्ट्रीय मार्ग संख्या-7 पड़ाव रामनगर (टेगरा मोड़) मार्ग पर आईआरक्यूपी का कार्य, लहरतारा-काशी हिन्दू विश्वविद्यालय मार्ग पर उपरिगामी फुटपाथ का निर्माण, वाराणसी में हेलीपोर्ट का निर्माण, ड्राइवर प्रशिक्षण केन्द्र की स्थापना कार्य आदि परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे.
No comments:
Post a Comment